Sunday , 13 September 2026
Breaking News

उत्तराखंड : दरांती से किया मुकाबला, महिला ने गुलदार को मार भागाया

रुद्रप्रयाग। विकासखंड अगस्त्यमुनि के पठालीधार क्षेत्र स्थित कोटी गांव में घास काटने गई एक बुजुर्ग महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। महिला ने साहस का परिचय देते हुए हाथ में मौजूद दरांती से पलटवार किया, जिससे गुलदार जंगल की ओर भाग गया। हमले में महिला घायल हुई है, जिसका प्राथमिक उपचार कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार 64 वर्षीय नारायणी देवी बुधवार सुबह करीब 11:45 बजे मवेशियों के लिए घास लेने जंगल गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उन पर अचानक हमला कर दिया। महिला ने घबराने के बजाय दरांती से लगातार वार किए, जिससे गुलदार पीछे हट गया और जंगल की ओर भाग निकला। हमले में उनके हाथ और पैरों में चोटें आई हैं।

महिला के बेटे पंकज सिंह ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह की यह पहली घटना है, जिसके बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उन्होंने कहा कि गांव के अधिकांश परिवार पशुपालन पर निर्भर हैं और रोजाना जंगल से चारा लाना पड़ता है। ऐसे में गुलदार की सक्रियता से लोगों की चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, गुलदार की निगरानी करने और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। वहीं चिकित्सक डॉ. प्रियांशी ने बताया कि महिला के हाथ और पैरों में चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य है।

About AdminIndia

Check Also

चारधाम यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, गंगोत्री में पहली बार 7.84 लाख से अधिक श्रद्धालु, यमुनोत्री में भी दर्शनार्थियों की संख्या 7 लाख पार

देहरादून। उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। …

error: Content is protected !!