Thursday , 29 October 2026
Breaking News

बिहार बंद हिंसा: सिवान में AK-47 से फायरिंग करने वाला सिपाही निलंबित, विभागीय जांच के आदेश

सिवान। बिहार बंद के दौरान 25 जुलाई को सिवान में हुई हिंसा के बीच AK-47 से हवाई फायरिंग करने वाले पुलिसकर्मी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने सिपाही अभिषेक कुमार पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

बिहार बंद के दौरान जेपी चौक पर प्रदर्शन हिंसक हो गया था। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने पथराव और तोड़फोड़ की, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए। हालात काबू में करने के लिए पहले आंसू गैस के गोले छोड़े गए, लेकिन भीड़ के नहीं हटने पर पुलिस ने हवाई फायरिंग की।

नगर थाना में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, तैनात सिपाही अभिषेक कुमार पटेल ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हवा में चार राउंड फायर किए, जिसके बाद भीड़ पीछे हटने लगी और स्थिति नियंत्रण में आई।

वहीं, मुफस्सिल थाना में दर्ज दूसरी प्राथमिकी में दावा किया गया है कि उपद्रवियों की ओर से भी पुलिस पर फायरिंग की गई। एएसआई निलेश कुमार सिंह ने बताया कि आत्मरक्षा और पुलिस बल की सुरक्षा के लिए उन्होंने भी अपने सरकारी पिस्टल से हवा में दो राउंड फायर किए।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट तलब की थी। प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित सिपाही को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। अब जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

About AdminIndia

Check Also

भराड़ीसैंण में उमेश कुमार का बड़ा ऐलान, विधायकी से देंगे इस्तीफा

हरिद्वार की लड़ाई सदन में नहीं लड़ पाने और विपक्ष से सहयोग न मिलने का …

error: Content is protected !!