Wednesday , 4 March 2026
Breaking News

उत्तरकाशी में बर्फबारी से कई मार्ग प्रभावित, सफाई कार्य जारी

उत्तरकाशी: जिले में रात भर हुई बर्फबारी के कारण कई महत्वपूर्ण मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा मार्गों को जल्द सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिला आपदा प्रबंधन और लोक निर्माण विभाग के अनुसार, विभिन्न मार्गों की वर्तमान स्थिति निम्नलिखित है:

उत्तरकाशी-गंगोत्री मार्ग: भटवाड़ी तक यातायात सुचारू है, लेकिन भटवाड़ी से गंगोत्री तक बर्फबारी के कारण मार्ग बंद है। अधिकारियों ने बताया कि सुबह लगभग 11 बजे तक मार्ग खोलने की संभावना है।

उत्तरकाशी-लंबगांव मार्ग: मानपुर तक मार्ग सुचारू है, जबकि मानपुर से चौरंगी खाल तक बर्फबारी से अवरुद्ध है। अपराह्न् 2 बजे तक इसे खोलने की उम्मीद जताई गई है।

उत्तरकाशी-बड़कोट मार्ग: सिल्क्यारा, राड़ीटॉप और ओरक्षा बैंड तक बर्फबारी के कारण मार्ग अवरुद्ध है। प्रातः 11 बजे तक सुचारू होने की संभावना है।

बड़कोट-यमुनोत्री मार्ग: पॉल गांव से जानकीचट्टी तक मार्ग सुचारू बना हुआ है।

पुरोला-मोरी मार्ग: जरमोला धार से सांकरी तक बर्फबारी के कारण बंद है। सुबह 10 बजे तक खुलने की संभावना व्यक्त की गई है।

उत्तरकाशी-सुवाखोली मार्ग: उत्तरकाशी से मोरियाणा तक यातायात सामान्य है, लेकिन मोरियाणा से सुवाखोली तक बर्फबारी से अवरुद्ध है। प्रातः 11:30 बजे तक मार्ग खोलने की उम्मीद है।

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग: चिन्यालीसौड़ से आगे नगुण के पास मलवा और पत्थर गिरने से मार्ग बाधित है। बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) द्वारा सफाई कार्य जारी है और सुबह 8:30 बजे तक मार्ग सुचारू होने की संभावना है।

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे बिना आवश्यकता के यात्रा न करें और मौसम तथा मार्ग संबंधी अपडेट के लिए आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें। बर्फबारी के कारण जिले के उच्च इलाकों में ठंड बढ़ गई है और कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।

About AdminIndia

Check Also

BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जाएंंगे राज्यसभा, जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों की …

error: Content is protected !!