देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया है कि राज्य की भाजपा सरकार और पार्टी सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के लिए अराजक तत्वों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कोटद्वार में गणतंत्र दिवस पर हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि मुस्लिम दुकानदार को धार्मिक आधार पर धमकाने वाले मामले में पीड़ित की मदद करने वाले दीपक कुमार और विजय रावत पर उल्टा मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि अराजक तत्वों के खिलाफ सिर्फ अज्ञात मुकदमा कायम किया गया। यह स्पष्ट दर्शाता है कि भाजपा सरकार धार्मिक आधार पर हिंसा को बढ़ावा देना चाहती है।
श्री धस्माना ने अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कोटद्वार ‘बाबा ड्रेस’ प्रकरण पर राहुल गांधी पर उत्तराखंड का माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाना पूरी तरह हास्यास्पद है। यह ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ वाली कहावत को चरितार्थ करता है। उन्होंने बताया कि दीपक कुमार ने इस घटना में जो भूमिका निभाई, उसकी राज्य ही नहीं, बल्कि देश-दुनिया में प्रशंसा हो रही है। राहुल गांधी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जो पोस्ट किया, वह दीपक की बहादुरी की सराहना के लिए था, क्योंकि उन्होंने संविधान और देश की एकता की रक्षा के लिए अराजक तत्वों को रोका।
श्री धस्माना ने आगे कहा कि भाजपा सरकार के कारण राज्य में अराजक तत्व सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने हाल की घटनाओं का जिक्र किया, जैसे त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की नस्लीय टिप्पणियों के बाद हत्या, विकासनगर में कश्मीरी मुस्लिम युवाओं पर जानलेवा हमला और अब कोटद्वार का ‘बाबा’ नाम विवाद। ये सभी घटनाएं साबित करती हैं कि सत्ताधारी दल कुर्सी बचाने के लिए धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति कर रहा है और अराजक तत्वों को खुली छूट दे रखी है।
पहाड़ समाचार निष्पक्ष और निर्भीक