Wednesday , 11 February 2026
Breaking News

बेरोजगारी और ‘वोट चोरी’ पर राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला

नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को उन्होंने युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर सरकार को घेरा। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार और अवसर देने में विफल रही है, जिसका सीधा संबंध ‘वोट चोरी’ और संस्थाओं के दुरुपयोग से है।

सोशल मीडिया पर साधा निशाना

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “भारत में युवाओं की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है, और इसका सीधा रिश्ता वोट चोरी से है। जब कोई सरकार जनता का विश्वास जीतकर सत्ता में आती है, तो उसका पहला कर्तव्य होता है युवाओं को रोजगार देना। लेकिन भाजपा चुनाव ईमानदारी से नहीं जीतती, बल्कि वोट चोरी और संस्थाओं को कैद करके सत्ता में बनी रहती है। यही कारण है कि बेरोजगारी 45 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच चुकी है।”

वीडियो के जरिए दिखाई हकीकत

अपने पोस्ट में राहुल ने दो वीडियो साझा किए। पहले वीडियो में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज की घटना दिखाई गई, जबकि दूसरे वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पौधरोपण करते और पानी डालते हुए दिखाया गया। राहुल ने तंज कसते हुए कहा, “मोदी जी अपनी पीआर, सेलिब्रिटीज से गुणगान करवाने और अरबपतियों के मुनाफे में व्यस्त हैं, जबकि देश का युवा मेहनत करता है, सपने देखता है और अपने भविष्य के लिए संघर्ष करता है। युवाओं की उम्मीदों को तोड़ना इस सरकार की पहचान बन चुकी है।”

पेपर लीक और भ्रष्टाचार का आरोप

कांग्रेस नेता ने भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा, “हर परीक्षा पेपर लीक और हर भर्ती भ्रष्टाचार की कहानियों से जुड़ी है। नौकरियां घट रही हैं, भर्ती प्रक्रियाएं ध्वस्त हो चुकी हैं। युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है।”

‘वोट चोरी’ के खिलाफ युवाओं को ललकार

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट के अंत में युवाओं में जोश भरते हुए लिखा, “अब हालात बदल रहे हैं। भारत का युवा समझ चुका है कि असली लड़ाई सिर्फ नौकरियों की नहीं, बल्कि वोट चोरी के खिलाफ है। जब तक चुनाव चोरी होते रहेंगे, तब तक बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ता रहेगा। अब युवा न नौकरी की लूट सहेगा, न वोट की चोरी। भारत को बेरोजगारी और वोट चोरी से मुक्त करना ही सबसे बड़ी देशभक्ति है।”

About AdminIndia

Check Also

उत्तराखंड में भीषण हादसा: वाहन गहरी खाई में गिरा, तीन महिलाओं की मौत की खबर

विकासनगर : उत्तराखंड के देहरादून जिले में एक बार फिर सड़क हादसे ने तीन परिवारों …

error: Content is protected !!