Tuesday , 1 September 2026
Breaking News

देहरादून में आज भी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के चलते प्रशासन का फैसला

देहरादून। जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए देहरादून प्रशासन ने 1 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। यह आदेश जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा।

जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल से प्राप्त अद्यतन मौसम पूर्वानुमान/नाउकास्ट के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान देहरादून जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है। मौसम की स्थिति को देखते हुए जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया फैसला

प्रशासन ने संभावित आपदा और अप्रिय घटनाओं की आशंका को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया है। आदेश के अनुसार 1 सितंबर को देहरादून जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, निजी और गैर-सरकारी स्कूल पूरी तरह बंद रहेंगे। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

अधिकारियों को अनुपालन के निर्देश

जिलाधिकारी/अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।

About AdminIndia

Check Also

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर: मकान में घुसा मलबा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, SDRF और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के बीच अल्मोड़ा जिले से …

error: Content is protected !!