Thursday , 20 August 2026
Breaking News

पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी का आज हरिद्वार में अंतिम संस्कार

देहरादून। भुवन चंद्र खंडूड़ी का आज 20 मई को हरिद्वार के खड़खड़ी घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनकी अंत्येष्टि दोपहर 12 बजे होगी। इससे पहले सुबह 11 बजे देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय से उनकी अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए रवाना होगी।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) बीसी खंडूड़ी का सोमवार, 19 मई को देहरादून के मैक्स अस्पताल में 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह पिछले लगभग एक माह से अस्वस्थ चल रहे थे और अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन की खबर से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई राष्ट्रीय नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। प्रदेश के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, अधिकारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनके देहरादून स्थित आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

आज सुबह 10:30 बजे भाजपा प्रदेश मुख्यालय में उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित कई सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी अंतिम दर्शन में शामिल होंगे। इसके बाद अंतिम यात्रा हरिद्वार के खड़खड़ी घाट के लिए रवाना होगी।

पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर राज्य सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। राजकीय शोक के दौरान प्रदेशभर में सभी सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। वहीं आज अंत्येष्टि के दिन प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।

About AdminIndia

Check Also

एशियन ओपन ट्रॉफी में भारत का दबदबा, तीसरे दिन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग में रोमांचक मुकाबले

देहरादून। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित हिमाद्री आइस रिंक में चल रही एशियन ओपन शॉर्ट …

error: Content is protected !!