Saturday , 11 April 2026
Breaking News

गैरसैंण में शीघ्र खुलेगा केंद्रीय विद्यालय: डॉ. धन सिंह रावत

नई दिल्ली/देहरादून : उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी भी मौजूद रहे। मुलाकात में डॉ. रावत और सांसद बलूनी ने ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में केंद्रीय विद्यालय खोलने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार गैरसैंण में प्रशासनिक गतिविधियों का विस्तार कर रही है और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत किया जा रहा है।

गैरसैंण एवं आसपास के गांवों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना जरूरी है। इससे क्षेत्र के छात्रों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा मिल सकेगी और पलायन की समस्या पर भी अंकुश लगेगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गैरसैंण में केंद्रीय विद्यालय खोलने पर सैद्धांतिक सहमति दे दी।

डॉ. रावत ने केंद्रीय मंत्री के साथ राज्य की शैक्षणिक व्यवस्थाओं पर भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने नई शिक्षा नीति-2020 के तहत एससीईआरटी द्वारा तैयार राज्य पाठ्यक्रम, सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) सुधार, पीजीआई रैंकिंग में प्रगति, पीएमश्री स्कूलों की स्थिति और विद्या समीक्षा केंद्र के संचालन की जानकारी साझा की। इसके अलावा एनआईटी श्रीनगर में स्थायी निदेशक की नियुक्ति एवं निर्माण कार्यों पर भी चर्चा हुई। डॉ. रावत ने केंद्रीय मंत्री को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के आगामी दीक्षांत समारोह में आने का न्योता दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।

भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष से भी मिले डॉ. रावत

इसी दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने भाजपा के नव नियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की। इस दौरान राज्य के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों की तैयारियों और पार्टी के चुनावी प्रबंधन पर भी विचार-विमर्श किया गया।

About AdminIndia

Check Also

जिला आयुर्वेदिक संगठन की बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन, इनको मिली जिम्मेदारी

उत्तरकाशी: आयुर्वेदिक संगठन की महत्वपूर्ण बैठक में आम सहमति से नई कार्यकारिणी का गठन किया …

error: Content is protected !!