Wednesday , 16 September 2026
Breaking News

कांवड़ मेले के पहले दिन हरिद्वार में धंसी सड़क, गड्ढे में गिरी महिला, CCTV वीडियो वायरल, उठे सवाल

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ मेले की शुरुआत के साथ ही गुरुवार को एक बड़ा हादसा सामने आया। शहर के ललतारौ पुल के समीप बीच बाजार में अचानक सड़क धंस गई, जिससे वहां से गुजर रही एक महिला यात्री गहरे गड्ढे में गिर गई। हादसे में महिला को मामूली चोटें आईं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने कांवड़ मेले और आगामी कुंभ मेले की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह बाजार में भारी भीड़ थी। महिला अपने परिजनों के साथ हरिद्वार घूमने आई थी। जैसे ही वह ललतारौ पुल के पास एक होटल के सामने पहुंची, उसके पैर रखते ही सड़क धंस गई और वह मिट्टी सहित गड्ढे में जा गिरी। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत महिला को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वायरल सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि महिला हाथ में बैग लेकर बाजार की ओर जा रही थी। तभी सड़क अचानक धंस जाती है और महिला आधी गड्ढे में समा जाती है।

पानी की लाइन लीकेज बनी हादसे की वजह

घटना की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को सुरक्षित किया गया और शाम तक गड्ढे को भरकर यातायात सामान्य कर दिया गया। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सड़क के नीचे पानी की लाइन में रिसाव (लीकेज) पाया गया है। लगातार पानी रिसने से नीचे की मिट्टी कमजोर हो गई थी और दबाव पड़ते ही सड़क धंस गई।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

गौरतलब है कि हरिद्वार में पिछले एक वर्ष से नई सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। कई स्थानों पर कार्य पूरा होने के बाद सड़कों की मरम्मत तो की गई, लेकिन गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। इससे पहले भी खड़खड़ी और उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में सड़क धंसने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। एक माह पूर्व हुई बारिश के दौरान पावन धाम रोड पर दो ट्रक और एक कार सड़क धंसने से फंस गए थे।

कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार में करोड़ों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में मेले के पहले ही दिन सड़क धंसने की घटना ने प्रशासनिक तैयारियों की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।

About AdminIndia

Check Also

उत्तराखंड के मोरी में बड़ा हादसा: गहरी खाई में गिरा वाहन, हादसे में अब तक एक की मौत, 8-9 लोग घायल

उत्तरकाशी : उत्तरकाशी जिले की तहसील मोरी क्षेत्र में मंगलवार शाम एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो …

error: Content is protected !!