Wednesday , 21 October 2026
Breaking News

केदारनाथ पैदल मार्ग बंद: चीरबासा में मलबा और पत्थर गिरने से रास्ता अवरुद्ध, गौरीकुंड में रोके गए यात्री

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में केदारनाथ धाम की यात्रा के दौरान शनिवार सुबह पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास मलबा और पत्थर गिरने से रास्ता अवरुद्ध हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन गौरीकुंड में ही यात्रियों को रोक दिया है। मार्ग को दोबारा सुचारू करने के लिए संबंधित विभागों की टीमें मौके पर जुटी हुई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7:22 बजे गौरीकुंड से सेक्टर अधिकारी ने चीरबासा में पैदल मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना दी। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल संबंधित विभागों को सूचित किया और मार्ग से मलबा व पत्थर हटाने का कार्य शुरू कराया।

मलबा हटाने में जुटी टीम, पुलिस और रेस्क्यू दल तैनात

लोक निर्माण विभाग की टीम मजदूरों की मदद से मार्ग को साफ करने में जुटी है। मौके पर पुलिस बल और रेस्क्यू टीम भी तैनात है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। प्रशासन की प्राथमिकता मार्ग को सुरक्षित बनाकर यात्रियों की आवाजाही बहाल करना है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मार्ग खुलने तक उन्हें गौरीकुंड में ही रोका गया है। आपदा कंट्रोल रूम के माध्यम से यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी की जा रही है।

यात्रियों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मार्ग खुलने तक आगे बढ़ने का प्रयास न करें और अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। मार्ग से मलबा हटाने और स्थिति सुरक्षित होने के बाद ही आगे की आवाजाही बहाल की जाएगी।

केदारनाथ पैदल मार्ग पर मलबा और पत्थर गिरने की घटना के बाद यात्रा पर असर पड़ा है। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे प्रशासन से आधिकारिक जानकारी प्राप्त करने के बाद ही आगे की यात्रा की योजना बनाएं।

About AdminIndia

Check Also

एमडीडीए एचआईजी आईएसबीटी कॉलोनी में बच्चों ने किया रावण दहन, बुराई पर अच्छाई की जीत का दिया संदेश

देहरादून। विजयादशमी के अवसर पर प्रदेशभर में रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी …

error: Content is protected !!