गंगटोक: सेना के जवानों को ले जा रहा ट्रक भीषण हादसे का शिकार हो गया। पूर्वी सिक्किम में ट्रक के खाई में गिरने से तीन जवानों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना न्यू जवाहलाल नेहरू रोड पर हुई।
यह मार्ग गंगटोक को सोमगो झील और भारत-चीन सीमा के निकट नाथुला से जोड़ता है। ट्रक में कुमाऊं रेजिमेंट के 6 जवान सवार थे और ये गंगटोक की ओर जा रहे थे। यह मार्ग भी बड़ा तंग था। ऐसे में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रक 600 फुट गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में चालक और दो अन्य जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। सेना, बीआरओ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने इस दुर्गम क्षेत्र में खराब मौसम के बीच बचाव अभियान चलाया।
तीन घायल जवानों को गंगटोक के सेना अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में घायल जवानों को गंगटोक के सेना अस्पताल से बंगाल के सिलीगुड़ी में इलाज के लिए भेजा गया।