Sunday , 15 November 2026
Breaking News

अंकिता हत्याकांड: पहली बार मीडिया के सामने आए पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य, बोले-मामले में कोई VIP नहीं

हरिद्वार। बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता एवं भाजपा के पूर्व दर्जाधारी विनोद आर्य रविवार को पहली बार मीडिया के सामने आए। हरिद्वार प्रेस क्लब में अपने अधिवक्ता अनुज पुंडीर के साथ आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने मामले को लेकर कई दावे किए। विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता ने कहा कि इस प्रकरण में किसी वीआईपी की भूमिका नहीं थी।

प्रेसवार्ता के दौरान विनोद आर्य ने अंकिता भंडारी और उसके कथित प्रेमी के बीच हुई बातचीत को लेकर भी दावा किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में न्यायालय से उन्हें करीब 4085 पेज की चैट प्राप्त हुई थी। उनके अनुसार, मामले की सुनवाई चलने के कारण वह अब तक इस विषय पर सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं बोल सके।

विनोद आर्य ने दावा किया कि उक्त चैट चार्जशीट का हिस्सा थी, लेकिन उसकी पर्याप्त चर्चा या जांच नहीं हुई। उन्होंने कहा कि चैट से अंकिता और उसके कथित प्रेमी के बीच विवाह की इच्छा का पता चलता है। उनके अनुसार, दोनों के अलग-अलग जातियों से होने के कारण परिवार इस रिश्ते के पक्ष में नहीं था और इसी वजह से अंकिता के घर छोड़ने की बात सामने आती है।

वहीं, मामले में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर उठते रहे सवालों पर अधिवक्ता अनुज पुंडीर ने कहा कि इस प्रकरण में कोई वीआईपी शामिल नहीं था। उन्होंने मामले की जांच और इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर अपनी ओर से सवाल उठाए।

अधिवक्ता ने दावा किया कि प्रकरण को लेकर सार्वजनिक स्तर पर लगातार हुई बयानबाजी का असर न्यायिक प्रक्रिया पर दबाव के रूप में पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को फांसी दिए जाने की मांग और मामले से जुड़े बयानों को लेकर भी कई सवाल हैं।

गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड के सबसे चर्चित मामलों में शामिल रहा है। इस मामले में मुख्य आरोपी पुलकित आर्य सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया चल चुकी है और प्रकरण को लेकर लगातार राजनीतिक तथा सामाजिक स्तर पर भी बहस होती रही है।

 

About AdminIndia

Check Also

इगास के रंग में रंगे बंशीधर तिवारी, पहाड़ी गीतों पर जमकर थिरके

देहरादून। उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व इगास बग्वाल के अवसर पर देहरादून में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम …

error: Content is protected !!