Monday , 23 November 2026
Breaking News

अभिनेता सचिन पिळगांवकर को आईटीएम विश्वविद्यालय ने दी मानद डॉक्टरेट की उपाधि, अब कहलाएंगे ‘डॉ. सचिन’

  • तानसिंह लामा

मुंबई। भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता, निर्माता एवं निर्देशक सचिन पिळगांवकर के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। ग्वालियर स्थित आईटीएम विश्वविद्यालय ने उन्हें डॉक्टर ऑफ लेटर्स (डी.लिट.) की मानद उपाधि से सम्मानित किया है। भारतीय सिनेमा में छह दशकों से अधिक समय तक दिए गए उनके उल्लेखनीय योगदान, बहुआयामी प्रतिभा और कला के प्रति निरंतर समर्पण को देखते हुए विश्वविद्यालय की ओर से यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि के बाद अब उन्हें ‘डॉ. सचिन पिळगांवकर’ के नाम से संबोधित किया जाएगा।

सचिन पिळगांवकर ने अपने अभिनय सफर की शुरुआत बाल कलाकार के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर हिंदी और मराठी सिनेमा सहित विभिन्न भारतीय भाषाओं की फिल्मों में विशिष्ट पहचान बनाई। अभिनय के साथ-साथ उन्होंने निर्देशन, फिल्म निर्माण और गायन के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। एक बाल कलाकार से लेकर सफल अभिनेता, निर्देशक और निर्माता तक का उनका सफर भारतीय मनोरंजन जगत में संघर्ष, समर्पण और निरंतर सृजनशीलता की मिसाल माना जाता है।

छह दशकों से अधिक लंबे उनके फिल्मी करियर में अनेक यादगार भूमिकाएं और उल्लेखनीय रचनात्मक योगदान शामिल हैं। उन्होंने अपनी बहुआयामी कला के माध्यम से भारतीय सिनेमा को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आईटीएम विश्वविद्यालय की ओर से प्रदान की गई मानद डॉक्टरेट की उपाधि को उनकी इसी लंबी कलायात्रा और सिनेमा के प्रति आजीवन समर्पण के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

यह सम्मान न केवल सचिन पिळगांवकर की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भारतीय फिल्म जगत में उनके लंबे योगदान और कला के प्रति उनकी अविराम साधना का भी गौरवपूर्ण अभिनंदन है।

इस उपलब्धि पर नूतन सवेरा परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए डॉ. सचिन पिळगांवकर को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। परिवार ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और भविष्य में भी इसी तरह अपनी कला से दर्शकों का मनोरंजन करते रहने की कामना की है।

About AdminIndia

Check Also

डाकपत्थर महाविद्यालय में स्पोकन इंग्लिश कार्यक्रम पर जागरूकता सत्र आयोजित, प्राध्यापकों की बनी इंस्ट्रक्टर आईडी

डाकपत्थर (विकासनगर)। वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डाकपत्थर में विद्यार्थियों के अंग्रेजी संप्रेषण …

error: Content is protected !!