Sunday , 8 November 2026
Breaking News

बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों पर फिर भड़की आग, स्काई शॉट पटाखे से आग लगने की आशंका

चमोली। भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों पर जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। शनिवार देर शाम बदरीनाथ धाम के बामणी वन पंचायत क्षेत्र में एक बार फिर आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और पहाड़ियों से उठता धुआं आसपास के क्षेत्र में फैल गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

अलकनंदा वन प्रभाग की प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) प्रियंका भी घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने के अभियान का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वन विभाग की टीम ने रात करीब 9:30 बजे से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

डीएफओ प्रियंका के अनुसार, बदरीनाथ धाम के बामणी वन पंचायत क्षेत्र में स्काई शॉट पटाखे के कारण आग लगने की घटना सामने आई थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। उन्होंने स्वयं भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।

गौरतलब है कि इन दिनों बदरीनाथ धाम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में धाम की पहाड़ियों पर बार-बार आग लगने की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों ने इन घटनाओं पर चिंता जताते हुए वन विभाग और प्रशासन से निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। साथ ही आग लगने की घटनाओं की गंभीरता से जांच करने और जानबूझकर आग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई है।

वन विभाग की श्रद्धालुओं से अपील

वन विभाग ने दीपावली के दौरान आतिशबाजी करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। डीएफओ प्रियंका ने कहा कि पर्यावरण और वन संपदा की सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आतिशबाजी या किसी भी तरह की लापरवाही से जंगलों में आग लगने का खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने लोगों से ऐसी गतिविधियों से बचने और प्राकृतिक संपदा को सुरक्षित रखने में वन विभाग का सहयोग करने की अपील की।

About AdminIndia

Check Also

23 साल बाद फिर चर्चा में जैनी प्रकरण, बेटे की पहचान के लिए दोबारा डीएनए जांच की मांग, DGP को सौंपी शिकायत

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में करीब 23 वर्ष पहले बड़ा विवाद खड़ा करने वाला जैनी …

error: Content is protected !!