Thursday , 7 May 2026
Breaking News

चंपावत सामूहिक दुष्कर्म पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, मुख्य सचिव को सौंपा आक्रोश पत्र

देहरादून। चंपावत में नाबालिग लड़की के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव आनंद वर्धन को आक्रोश पत्र सौंपकर मामले में आरोपित भाजपा नेता और उसके सहयोगियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा कठोर कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई और प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों पर रोक नहीं लगी तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर राज्यपाल और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।

मुख्य सचिव से मुलाकात के दौरान सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ बलात्कार, हत्या और अन्य अपराधों के मामलों में उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में सबसे आगे पहुंच गया है, जो पूरे प्रदेश के लिए शर्मनाक स्थिति है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर चंपावत की हालिया घटना तक कई मामलों में भाजपा पदाधिकारी और सरकार से जुड़े लोग शामिल पाए गए हैं।

धस्माना ने कहा कि कई मामलों में पुलिस की ढिलाई के कारण अपराधियों को बचने और जमानत पाने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और शुक्रवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में सरकार के पुतले दहन किए जाएंगे।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने अंकिता भंडारी मामले की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि वीआईपी जांच कर रही सीबीआई की भूमिका अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीबीआई ने अब तक उर्मिला सनावर और भाजपा के पूर्व विधायक से पूछताछ तक नहीं की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाओं में भय का माहौल बना हुआ है और इसे समाप्त करने के लिए अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की आवश्यकता है।

मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले में पुलिस और प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महासचिव जगदीश धीमान, प्रदेश कांग्रेस श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल तथा अनुज दत्त शर्मा भी शामिल रहे।

About AdminIndia

Check Also

उत्तराखंड: दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी कार, तीन लोगों की मौत

अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा के भिकियासैंण क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कार …

error: Content is protected !!