Monday , 23 March 2026
Breaking News

पश्चिमी विक्षोभ का असर, उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम ने करवट ले ली है। बीते कुछ दिनों में राज्य के कई जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी देखने को मिली, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा और हिमपात की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है।

राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश गरज और चमक के साथ हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। देहरादून में आज आसमान साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज वाले बादल बनने से हल्की बारिश हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम से लेकर सामान्य के आसपास रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में यह सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया। हालांकि अगले 3 से 4 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है।

मौसम की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। बारिश और बर्फबारी के दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में भूस्खलन और सड़कों के बाधित होने का खतरा बना रहता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।

About AdminIndia

Check Also

उत्तराखंड सरकार में नए मंत्रियों को मिली अहम जिम्मेदारी, इस मंत्री से हटाया बड़ा विभाग

देहरादून। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट विस्तार के बाद विभागों का बड़ा फेरबदल किया गया है। …

error: Content is protected !!