Sunday , 29 November 2026
Breaking News

हरिद्वार कुम्भ-2027 में 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा महाशिविर, डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की होगी निःशुल्क जांच

  • 12 जनवरी से 25 फरवरी तक चलेगा नेत्र कुम्भ.
  • एक लाख चश्मे बांटने और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन का लक्ष्य.

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर के सभागार में नेत्र कुम्भ-2027 के शंखनाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हरिद्वार कुम्भ के दौरान आयोजित होने वाला नेत्र कुम्भ मानव सेवा और परोपकार की भारतीय सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अभियान है। इसकी सफलता के लिए राज्य सरकार और कुम्भ मेला प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नेत्र कुम्भ-2027 के तहत 12 जनवरी से 25 फरवरी तक 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा महाशिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क नेत्र जांच, एक लाख चश्मों के वितरण और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन का लक्ष्य रखा गया है। शिविर में जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने आयोजन में जुटी संस्था ‘सक्षम’ और सहयोगी संगठनों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सनातन संस्कृति में कुम्भ केवल आस्था और आध्यात्मिक चेतना का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का भी संदेश देता है। हमारी परंपरा में नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है और नेत्र कुम्भ इसी भावना का उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव और चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण आज भी अनेक लोग समय पर आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते। ऐसे लोगों तक निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना सराहनीय पहल है। आंखों के उपचार से न केवल दृष्टि बेहतर होती है, बल्कि व्यक्ति के आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और जीवन की गुणवत्ता में भी सुधार आता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नेत्र कुम्भ की सेवा यात्रा वर्ष 2019 में प्रयागराज कुम्भ से शुरू हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुम्भ, प्रयागराज महाकुम्भ और राजस्थान के रामदेवरा में भी इसका आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से लाखों लोगों की निःशुल्क नेत्र जांच और हजारों लोगों के ऑपरेशन किए जा चुके हैं। हरिद्वार में वर्ष 2027 में होने वाला आयोजन इस अभियान को और व्यापक बनाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी हरिद्वार कुम्भ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। राज्य सरकार कुम्भ के भव्य, दिव्य और सुरक्षित आयोजन के लिए तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम यातायात और पैदल आवागमन की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों से नेत्र कुम्भ के सेवा अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. दयाल सिंह पंवार, नेत्र कुम्भ आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, सक्षम उत्तराखण्ड के प्रांत अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के प्रबंध प्रमुख ललित प्रसाद पंत, आयोजन समिति के उपाध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल, महासचिव डॉ. अनुज सिंघल सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

About AdminIndia

Check Also

उत्तराखंड में RTO के फेक ऑफिस का फर्जीवाड़ा, STF ने दो आरोपी दबोचे

रुद्रपुर। आरटीओ कार्यालय के नाम पर वाहन स्वामियों से अवैध वसूली और धोखाधड़ी करने वाले …

error: Content is protected !!