ठाणे : महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना मुरबाद तहसील के गोविली गांव स्थित रायता पुल पर सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे हुई, जहां एक यात्री वैन और सीमेंट मिक्सर के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। पुलिस के अनुसार, वैन विपरीत दिशा से आ रहे सीमेंट मिक्सर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सभी यात्रियों की मौके पर मौत
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ईको पैसेंजर वैन में सवार सभी 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और आठ पुरुष शामिल हैं। इनमें दो कॉलेज छात्र और मुरबाद तहसील कार्यालय में कार्यरत क्लर्क भूषण घोरपड़े भी शामिल बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस और आपातकालीन टीमों ने पहुंचकर वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा।
ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह
राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि वैन चालक की लापरवाही इस दुर्घटना की बड़ी वजह है। उन्होंने बताया कि वाहन में छह यात्रियों की अनुमति थी, लेकिन उसमें 11 लोगों को बैठाया गया था। मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जांच जारी
पुलिस ने बताया कि घटना को लेकर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल, क्षेत्र में यातायात सामान्य कर दिया गया है।
पहाड़ समाचार निष्पक्ष और निर्भीक