Sunday , 29 November 2026
Breaking News

उत्तराखंड में RTO के फेक ऑफिस का फर्जीवाड़ा, STF ने दो आरोपी दबोचे

रुद्रपुर। आरटीओ कार्यालय के नाम पर वाहन स्वामियों से अवैध वसूली और धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को उत्तराखंड एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों को आरटीओ कार्यालय रुद्रपुर के पास से पकड़ा। आरोपी अपनी निजी कारों में बैठकर आरटीओ से जुड़े दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर लोगों से सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूल रहे थे। जांच में डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस तैयार कराने का मामला भी सामने आया है।

एसटीएफ के अनुसार, सरकारी विभागों के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ लंबे समय से सूचनाएं जुटाई जा रही थीं। इसी दौरान जानकारी मिली कि आरटीओ कार्यालय के पास कुछ लोग दो अलग-अलग वाहनों में बैठकर आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य वाहन संबंधी दस्तावेज बनवाने के नाम पर लोगों से अतिरिक्त रकम वसूल रहे हैं। सूचना पर एसटीएफ और पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान एक वाहन से प्रवीण बाछाड़ निवासी चन्दीपुर विजयपुर, थाना दिनेशपुर और दूसरे वाहन से पंकज कांति सेन निवासी ट्रांजिट कैंप को गिरफ्तार किया गया। पंकज कांति सेन वाहन में लैपटॉप के जरिए काम कर रहा था। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से दस्तावेज तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की गई।

सरकारी शुल्क से अधिक वसूलते थे रकम

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आरटीओ कार्यालय से संबंधित काम कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से संपर्क करते थे। इसके बाद सरकारी शुल्क की सही जानकारी छिपाकर निर्धारित फीस से अधिक रकम वसूलते थे। दोनों ने अपनी निजी गाड़ियों को ही अवैध कार्यालय बना रखा था। लैपटॉप और प्रिंटर की मदद से दस्तावेज तैयार कराने का काम किया जा रहा था।जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार करवाकर वाहन स्वामियों को उपलब्ध कराए थे। एसटीएफ इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

75 आरसी और सात ड्राइविंग लाइसेंस बरामद

एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), सात ड्राइविंग लाइसेंस और 19 फॉर्म-30 बरामद किए हैं। इसके अलावा आरसी के साथ आधार और पैन कार्ड की प्रतियां, एक लैपटॉप, प्रिंटर, माउस और इंटरनेट डिवाइस भी कब्जे में लिए गए हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया है।

एसटीएफ अब बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। साथ ही इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों और अब तक की गई अवैध वसूली का पता लगाया जा रहा है। एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि आरटीओ समेत किसी भी सरकारी कार्यालय से संबंधित काम केवल अधिकृत माध्यमों से ही कराएं। अनजान व्यक्तियों को अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज न सौंपें और सरकारी शुल्क की जानकारी संबंधित विभाग से प्राप्त करें।

About AdminIndia

Check Also

देहरादून में राज्यस्तरीय बालिका हैंडबाल प्रतियोगिता का सफल समापन

देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालयी बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन, जनपद बागेश्वर बना …

error: Content is protected !!