Saturday , 16 May 2026
Breaking News

धस्माना ने महंत देवेन्द्र दास से की मुलाकात, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जताया आभार

देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने रविवार सुबह गुरु राम राय दरबार साहेब पहुंचकर झंडे साहब में माथा टेका। इसके बाद उन्होंने दरबार साहेब के श्री महंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया।

इस दौरान सूर्यकांत धस्माना ने उत्तराखंड सहित पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के मरीजों के उपचार में महंत इंद्रेश अस्पताल के योगदान की सराहना करते हुए महंत देवेन्द्र दास जी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गुरु राम राय ट्रस्ट द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में किया जा रहा कार्य बेहद सराहनीय है। धस्माना ने कहा कि जिस स्तर की स्वास्थ्य सुविधाएं ट्रस्ट उपलब्ध करा रहा है, वह कार्य कई बड़े राज्यों की सरकारें भी नहीं कर पातीं।

मुलाकात के दौरान महंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने बताया कि उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों के अलावा हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए महंत इंद्रेश अस्पताल पहुंच रहे हैं। मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल का निरंतर विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अस्पताल में कैंसर की जांच, रिसर्च और उपचार के लिए विश्वस्तरीय आधुनिक तकनीकों को शुरू किया गया है, जिससे गंभीर बीमारियों के उपचार में मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। महंत देवेन्द्र दास जी ने यह भी कहा कि श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़े नर्सिंग, फार्मेसी समेत विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इससे प्रदेश के युवाओं को उच्च शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर भी उपलब्ध हो रहे हैं। मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों के बीच स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

About AdminIndia

Check Also

बदरीनाथ-केदारनाथ धाम में वृद्ध और दिव्यांग श्रद्धालुओं को मिलेगी प्राथमिक दर्शन सुविधा

देहरादून : श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने चारधाम यात्रा के दौरान श्री बदरीनाथ और …

error: Content is protected !!