Wednesday , 1 July 2026
Breaking News

उत्तरकाशी में देर रात फिर डोली धरती, महसूस किए गए भूकंप के हल्के झटके

उत्तरकाशी मुख्यालय में शुक्रवार देर रात भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। रात के समय अचानक धरती में कंपन महसूस होते ही कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति नुकसान की सूचना नहीं है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2.4 मापी गई। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिला मुख्यालय से उत्तर-पूर्व दिशा में करीब चार किलोमीटर दूर जमीन से लगभग पांच किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भूकंप के झटके मुख्यालय सहित आसपास के कई क्षेत्रों में महसूस किए गए।

भूकंप के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया। जिला आपदा अधिकारी शार्दुल गुसाई ने बताया कि देर रात जनपद में हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए, लेकिन फिलहाल जिले के किसी भी क्षेत्र से नुकसान की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। संबंधित विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन अथवा आपदा कंट्रोल रूम से संपर्क करने की अपील की है।

उत्तरकाशी जिला भूकंपीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। हिमालयी क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूगर्भीय हलचलों के कारण यहां समय-समय पर हल्के भूकंप के झटके महसूस होते रहते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि छोटे भूकंप कई बार धरती के भीतर जमा ऊर्जा को बाहर निकालने का काम करते हैं, लेकिन संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखना बेहद जरूरी है। देर रात आए झटकों के बाद लोगों में भय का माहौल जरूर बना, लेकिन राहत की बात यह रही कि भूकंप बेहद हल्का था और किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

About AdminIndia

Check Also

SSJ University News: सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के तीनों परिसरों के लिए 244 नए पद सृजित, शासनादेश जारी

अल्मोड़ा। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय …

error: Content is protected !!