देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस में चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हरक सिंह रावत कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहते नजर आ रहे हैं कि “टिकट तो राहुल गांधी का भी फाइनल नहीं हुआ है।”
हरक सिंह रावत ने पार्टी कार्यकर्ताओं से खुलकर बात की और कहा कि टिकट वितरण में पूरी पारदर्शिता और मेरिट का पालन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी केवल उसी उम्मीदवार को टिकट देगी, जो उस सीट पर जीत की स्थिति में हो – चाहे वह नेता हरक सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल या पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का कितना भी करीबी क्यों न हो।
हरक सिंह रावत ने राहुल गांधी को भी दिया उदाहरण
हरक सिंह रावत ने बताया कि उन्होंने उत्तराखंड कांग्रेस के प्रमुख नेताओं के साथ राहुल गांधी की बैठक में भी यही बात कही। उन्होंने राहुल गांधी से कहा, “कई नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और आपके नाम लेकर दावा करते हैं कि उनका टिकट फाइनल हो गया है, लेकिन टिकट कैसे फाइनल हो गया? टिकट तो आपका भी फाइनल नहीं है। रावत ने आगे कहा कि उन्होंने राहुल गांधी को समझाया – यदि पार्टी के बड़े नेता आपको समझाएंगे कि किसी सीट से चुनाव लड़ना आपके लिए उचित नहीं है, तो आप उस सलाह को मानेंगे। राहुल गांधी ने इस बात पर अपनी सहमति जताई।
पार्टी के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार
हरक सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “मैं पार्टी का सिपाही हूं। जिस विधानसभा सीट से कोई चुनाव लड़ना नहीं चाहता, पार्टी मुझे वहां से मैदान में उतार दे – मैं तैयार हूं। पार्टी मुझे दरी बिछाने को कहेगी तो मैं पीछे नहीं हटूंगा। मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि वे नारे भी खूब लगाते हैं और प्रदेश अध्यक्ष के नारे लगाकर महिलाओं को सम्मान देते हैं।
विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत झोंकने की अपील
हरक सिंह रावत ने सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इन बातों को इसलिए कह रहे हैं ताकि सभी ऊर्जावान होकर पूरी मजबूती के साथ आने वाले विधानसभा चुनाव लड़ें। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने और पार्टी के लिए समर्पित भाव से काम करने की अपील की।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के साथ ही उत्तराखंड कांग्रेस के अंदर टिकट वितरण को लेकर चल रही चर्चाओं को और तेज कर दिया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि हरक सिंह रावत का यह बयान पार्टी में पारदर्शिता और प्रदर्शन आधारित टिकट वितरण की नीति को मजबूती प्रदान करता है।
पहाड़ समाचार निष्पक्ष और निर्भीक