Friday , 19 June 2026
Breaking News

उत्तराखंड: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप के बाद देहरादून में बवाल, दुकान और गोदाम में तोड़फोड़

देहरादून। शहर कोतवाली क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी से कथित दुष्कर्म के आरोप के बाद गुरुवार को तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोपी पक्ष की दुकान और गोदाम में तोड़फोड़ कर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा।

पुलिस के अनुसार, एक परिवार किराये के मकान में रह रहा है। परिवार की ओर से दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मकान मालिक के रिश्तेदार एक किशोर ने बुधवार देर रात नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी किशोर को संरक्षण में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।

घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में लोग और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। विरोध कर रहे लोगों ने आरोपी पक्ष की सौंदर्य प्रसाधन की दुकान और गोदाम में तोड़फोड़ की। दुकान के भीतर रखा सामान बाहर निकालकर फेंक दिया गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की। शहर कोतवाली के अलावा प्रेमनगर, क्लेमेंटटाउन, पटेलनगर समेत कई थानों से पुलिस बल बुलाया गया। कुछ समय के लिए बाजार क्षेत्र में भी तनाव का माहौल बना रहा और कई दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं।

विरोध प्रदर्शन के बाद बड़ी संख्या में लोग शहर कोतवाली भी पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को शांत कराते हुए निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

About AdminIndia

Check Also

उत्तराखंड : राष्ट्रीय दिशानिर्देशों से पहले SCERT-DIET पुनर्गठन नहीं करने की मांग

देहरादून। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के तहत शिक्षक शिक्षा में प्रस्तावित बड़े बदलावों को देखते …

error: Content is protected !!