Saturday , 14 November 2026
Breaking News

संचार व्यवस्था में खराबी से अमेरिका में ठप हुईं उड़ानें, हजारों यात्री प्रभावित, 9/11 के बाद दूसरी बार हुआ ऐसा

वॉशिंगटन। अमेरिका में शुक्रवार को हवाई यातायात व्यवस्था उस समय गंभीर रूप से प्रभावित हो गई, जब संचार प्रणाली में आई तकनीकी खराबी के चलते संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) को कुछ समय के लिए देशभर में उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी। इस देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप के कारण हजारों उड़ानें प्रभावित हुईं और बड़ी संख्या में यात्रियों को हवाई अड्डों पर इंतजार करना पड़ा।

एफएए के अनुसार, क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों में संचार संबंधी समस्या उत्पन्न होने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर असाधारण कदम उठाया गया। बाद में प्रतिबंध हटने के साथ उड़ान संचालन को चरणबद्ध तरीके से सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

इस घटना को अमेरिका के विमानन इतिहास की एक बड़ी बाधा माना जा रहा है। 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह दूसरी ऐसी स्थिति बताई गई, जब देशव्यापी स्तर पर उड़ानों को रोकने का फैसला लेना पड़ा। जनवरी 2023 में भी एफएए की एक महत्वपूर्ण कंप्यूटर प्रणाली में तकनीकी खराबी के कारण व्यापक स्तर पर उड़ानें प्रभावित हुई थीं।

22 एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों पर पड़ा असर

अमेरिकी परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, संचार व्यवस्था में आई समस्या का असर देशभर के 22 क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों पर पड़ा। ये केंद्र हवाई अड्डों के बीच उड़ान भर रहे विमानों के संचालन और दिशा-निर्देश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच में इस बात का कोई संकेत नहीं मिला है कि संचार व्यवस्था में आई खराबी किसी साइबर हमले या बाहरी हमले का परिणाम थी। फिलहाल इसे दूरसंचार सेवा में आई तकनीकी रुकावट के रूप में देखा जा रहा है और मामले की जांच जारी है।

827 उड़ानों को किया गया डायवर्ट

विमानन क्षेत्र की इस बड़ी बाधा का असर हजारों उड़ानों पर पड़ा। एविएशन एनालिटिक्स कंपनी सिरियम के आंकड़ों के अनुसार, शाम तक कम से कम 827 उड़ानों का मार्ग बदला गया। इनमें से करीब 670 विमानों को वापस उसी हवाई अड्डे की ओर लौटना पड़ा, जहां से उन्होंने उड़ान भरी थी, जबकि 157 उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर मोड़ दिया गया।

वॉशिंगटन डलेस इंटरनेशनल एयरपोर्ट, लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट, सिनसिनाटी/नॉर्दर्न केंटकी इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नैशविले इंटरनेशनल एयरपोर्ट उन प्रमुख हवाई अड्डों में शामिल रहे, जहां बड़ी संख्या में उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा।

हवा में मौजूद विमानों ने जारी रखी यात्रा

एयरलाइंस ने स्पष्ट किया कि ग्राउंड स्टॉप का असर मुख्य रूप से उन विमानों पर पड़ा, जिन्हें उड़ान भरनी थी। पहले से हवा में मौजूद विमानों को उनकी यात्रा जारी रखने की अनुमति दी गई। यूनाइटेड एयरलाइंस और अमेरिकन एयरलाइंस ने भी कहा कि उड़ान भर चुके विमान अपने निर्धारित गंतव्य तक पहुंचते रहेंगे।

इस बीच कई यात्रियों को हवाई अड्डों पर उड़ानों में देरी और रद्द होने की सूचना मिली। शिकागो ओ’हेयर एयरपोर्ट समेत कई प्रमुख हवाई अड्डों पर यात्रियों ने उड़ान सूचना स्क्रीन पर एक साथ बड़ी संख्या में उड़ानों को विलंबित होते देखा।

लाखों यात्रियों पर पड़ सकता था असर

अमेरिकी हवाई अड्डों से शाम के बाद बड़ी संख्या में उड़ानों का संचालन प्रस्तावित था। रिपोर्टों के अनुसार, शाम 4 बजे के बाद करीब 11 हजार उड़ानों के रवाना होने का कार्यक्रम था, जिनमें 15 लाख से अधिक यात्रियों के सफर करने की संभावना थी। ऐसे में स्थिति लंबे समय तक बनी रहने पर बड़ी संख्या में उड़ानों के रद्द होने या उनके मार्ग बदलने की आशंका थी।

ग्राउंड स्टॉप का असर यात्री विमानों के साथ-साथ कार्गो सेवाओं पर भी पड़ा। दुनिया की प्रमुख कार्गो एयरलाइन फेडेक्स ने कहा कि संभावित व्यवधान को कम करने के लिए आकस्मिक योजनाएं तैयार रखी गई हैं।

एफएए और संबंधित एजेंसियां संचार व्यवस्था में आई खराबी के कारणों की जांच कर रही हैं। प्रतिबंध हटने के बाद विमान सेवाओं को सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई, हालांकि कई हवाई अड्डों पर देरी का असर कुछ समय तक बने रहने की संभावना जताई गई।

About AdminIndia

Check Also

इगास के रंग में रंगे बंशीधर तिवारी, पहाड़ी गीतों पर जमकर थिरके

देहरादून। उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व इगास बग्वाल के अवसर पर देहरादून में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम …

error: Content is protected !!