Friday , 23 October 2026
Breaking News

उत्तराखंड : ज्योलीकोट के पास 40 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन, लखनऊ के छह पर्यटक घायल

नैनीताल। नैनीताल घूमकर लौट रहे लखनऊ के छह पर्यटक गुरुवार सुबह सड़क हादसे का शिकार हो गए। ज्योलीकोट के पास उनकी टवेरा अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चार अन्य पर्यटकों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, गोमतीनगर (लखनऊ) निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), निखिल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) और निखिलेंद्र सिंघल (23) नैनीताल घूमने आए थे। गुरुवार सुबह सभी हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह के साथ टवेरा वाहन से काठगोदाम लौट रहे थे।

ज्योलीकोट नंबर-1 से आगे वाहन अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से नीचे लगभग 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद वाहन में सवार पर्यटकों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला।

एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि हादसे में चालक संग्राम सिंह और पर्यटक निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को 108 एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया है। अन्य चार पर्यटकों को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। यह हादसा नैनीताल की सैर पर आए पर्यटकों के लिए वापसी का सफर दर्दनाक अनुभव बन गया।

About AdminIndia

Check Also

उत्तराखंड के हिमालय में दबा है बड़े भूकंप का खतरा, रिपोर्ट में खुलासा…हर साल जमा हो रहा टेक्टोनिक तनाव

नई स्टडी में खुलासा, हिमालय के नीचे सक्रिय भ्रंश 115 किलोमीटर तक लॉक; शोधकर्ताओं के …

error: Content is protected !!