Tuesday , 27 October 2026
Breaking News

मोरी पुलिस और एसओजी ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी युवक को देहरादून से किया गिरफ्तार

उत्तरकाशी। मोरी थाना क्षेत्र से नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को देहरादून से गिरफ्तार किया है। पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने नाबालिग को भी सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पोक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, तीन सितंबर 2026 को नाबालिग के परिजन ने उसके बिना बताए घर से चले जाने और वापस नहीं लौटने की शिकायत मोरी थाने में दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने नाबालिग की शीघ्र बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए जानकारी जुटाई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर टीम ने 10 सितंबर को देहरादून के नालापानी चौक से नाबालिग को सकुशल बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 65(1) तथा पोक्सो अधिनियम की धारा 5(ठ) की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 20 वर्षीय नीरज कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पुरोला क्षेत्र का निवासी और वर्तमान में देहरादून में रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

About AdminIndia

Check Also

सड़क सुरक्षा को लेकर चार दिवसीय राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स कार्यशाला शुरू, 13 जिलों के शिक्षक ले रहे प्रशिक्षण

दिनेशपुर (ऊधम सिंह नगर)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के …

error: Content is protected !!