Thursday , 12 November 2026
Breaking News

अल्मोड़ा में 400 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, मां-बेटी समेत तीन की मौत, रातभर खाई में पड़े रहे शव

अल्मोड़ा। जिले के सेराघाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी और वाहन चालक की मौत हो गई। हरड़ा गांव के समीप एक बोलेरो मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की जानकारी रातभर किसी को नहीं मिल सकी और तीनों के शव पूरी रात खाई में पड़े रहे। गुरुवार सुबह राहगीरों की नजर दुर्घटनाग्रस्त वाहन पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मां-बेटी हरड़ा गांव की रहने वाली थीं और भाई दूज के पर्व पर पिथौरागढ़ गई थीं। बुधवार देर रात दोनों बोलेरो मैक्स से अपने गांव वापस लौट रही थीं। इसी दौरान हरड़ा के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से करीब 400 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा।

रात का समय होने और दुर्घटनास्थल काफी नीचे होने के कारण हादसे की जानकारी तत्काल किसी को नहीं मिल सकी। गुरुवार सुबह सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने खाई में क्षतिग्रस्त बोलेरो को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलने के बाद सुबह करीब नौ बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। खाई की गहराई और दुर्गम भू-भाग के कारण रेस्क्यू टीम को शवों तक पहुंचने और उन्हें बाहर निकालने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।

हादसे में मां-बेटी और वाहन चालक की मौत की सूचना मिलते ही हरड़ा गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों की सड़कों पर सुरक्षित यात्रा और दुर्घटनाओं के बढ़ते खतरे को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

About AdminIndia

Check Also

2027 में कांग्रेस की सरकार बनाना लक्ष्य, मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं: हरीश रावत

कहा—पार्टी में मुख्यमंत्री पद के लिए कई योग्य और सक्षम नेता। अंकिता भंडारी मामले में …

error: Content is protected !!