Wednesday , 11 November 2026
Breaking News

टेकऑफ से पहले एयर इंडिया की फ्लाइट को हाईजैक की धमकी, कोलकाता एयरपोर्ट पर यात्रियों को उतारकर शुरू हुई जांच

कोलकाता। कोलकाता से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2772 को मंगलवार सुबह उड़ान भरने से ठीक पहले हाईजैक की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना मिलते ही विमान को तत्काल आइसोलेशन बे में ले जाया गया और उसमें सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की गहन जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की यह उड़ान सुबह 10:20 बजे कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंबई के लिए रवाना होने वाली थी। उड़ान की तैयारियों के दौरान विमान के वॉशरूम में एक धमकी भरा संदेश लिखा मिला। संदेश में कथित तौर पर सुबह 11:10 बजे विमान को हाईजैक किए जाने की बात कही गई थी।

धमकी भरा संदेश सामने आते ही पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी। इसके बाद निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को मुख्य परिचालन क्षेत्र से हटाकर आइसोलेशन बे में पहुंचाया गया। विमान में मौजूद सभी यात्रियों को नीचे उतारने के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और एयरपोर्ट सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों ने तलाशी अभियान शुरू किया।

कोलकाता एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियां विमान के भीतर और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच कर रही हैं। किसी भी संदिग्ध वस्तु या सुरक्षा संबंधी खतरे का पता लगाने के लिए विमान के सभी हिस्सों की जांच की गई। साथ ही एयरपोर्ट परिसर और विमान से जुड़े सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि टेकऑफ से पहले विमान के वॉशरूम में धमकी भरा संदेश मिलने के बाद तत्काल सुरक्षा प्रक्रिया अपनाई गई और यात्रियों को विमान से उतार दिया गया।

पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरा संदेश किसने लिखा और इसके पीछे किसी व्यक्ति या संगठन की भूमिका है या नहीं। घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियों की जांच पूरी होने के बाद ही धमकी की वास्तविकता तथा इसके पीछे की मंशा स्पष्ट हो सकेगी।

About AdminIndia

Check Also

2027 में कांग्रेस की सरकार बनाना लक्ष्य, मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं: हरीश रावत

कहा—पार्टी में मुख्यमंत्री पद के लिए कई योग्य और सक्षम नेता। अंकिता भंडारी मामले में …

error: Content is protected !!