Tuesday , 11 August 2026
Breaking News

तमक नाला आपदा पर सीएम धामी की सीधी नजर, राहत-बचाव और कनेक्टिविटी बहाली के निर्देश

  • ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर बेली ब्रिज बहने के बाद प्रशासन अलर्ट.
  • प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश.

देहरादून। चमोली जिले के ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में अचानक बढ़े जलप्रवाह से बेली ब्रिज बहने की घटना के बाद राज्य सरकार अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरे घटनाक्रम की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली और गढ़वाल मंडल आयुक्त से घटना तथा राहत-बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री की आपूर्ति बनाए रखने के साथ ही सड़क संपर्क जल्द बहाल करने के लिए सभी संभावित विकल्पों पर तत्काल काम करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में राशन, खाद्य सामग्री, दवाइयों और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। यदि मुख्य मार्ग से आपूर्ति संभव नहीं है तो वैकल्पिक मार्गों और अन्य उपलब्ध साधनों के माध्यम से ग्रामीणों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाई जाए।

ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर नुकसान का आकलन

सीएम धामी ने संबंधित अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति और नुकसान का मौके पर आकलन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राहत, बचाव और कनेक्टिविटी बहाली से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर आवाजाही बहाल करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं और संभावित मार्गों की तलाश के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार तत्काल निर्णय लेने को कहा गया है, ताकि सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को संपर्क और आवश्यक सेवाओं की समस्या का सामना न करना पड़े।

निचले इलाकों में विशेष सतर्कता

बदलते मौसम और नदी-नालों में बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए मुख्यमंत्री ने निचले क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने तथा स्थिति बिगड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की स्थिति में लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन और बचाव एजेंसियों को किसी भी संभावित खतरे को लेकर पहले से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

SEOC से 24 घंटे निगरानी

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) से चमोली समेत प्रदेश के सभी संवेदनशील क्षेत्रों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव दलों को तत्काल सक्रिय करने के लिए तंत्र को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

अचानक बढ़े जलप्रवाह में बहा बेली ब्रिज

सोमवार को ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में अचानक जलप्रवाह बढ़ने से 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा की ओर से निर्मित बेली ब्रिज तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया था। घटना के दौरान एक व्यक्ति और एक कैंपर वाहन के भी बहने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

मुख्यमंत्री ने घटना की जानकारी मिलते ही सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली थी और राहत-बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए थे। इसके बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें भी मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।

सुरक्षा के साथ कनेक्टिविटी बहाली पर जोर

तमकनाला की घटना के बाद सरकार का फोकस राहत-बचाव के साथ प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल करने पर है। सीमांत क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने और सड़क संपर्क बहाल करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम और जलप्रवाह की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए। सरकार का कहना है कि प्राकृतिक आपदा को रोका नहीं जा सकता, लेकिन समय पर सतर्कता, बेहतर समन्वय और त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई से इसके प्रभाव को कम किया जा सकता है।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा, प्रभावित क्षेत्रों तक आवश्यक सामग्री की पहुंच, राहत-बचाव अभियान और ज्योतिर्मठ-मलारी मार्ग पर कनेक्टिविटी की जल्द बहाली है।

About AdminIndia

Check Also

चमोली की नीती घाटी में जलसैलाब से तबाही, तमक नाले में बहा वैली ब्रिज; दो वाहन और BRO ऑपरेटर के बहने की सूचना

चमोली। भारत-चीन सीमा से सटी चमोली जिले की सीमांत नीती घाटी में सोमवार को अचानक …

error: Content is protected !!