Saturday , 5 September 2026
Breaking News

रामलीला मैदान शुद्धिकरण प्रकरण पर कांग्रेस का 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच, धस्माना बोले—सरकार की नींव हिलाएंगे कार्यकर्ता

देहरादून। हल्द्वानी के रामलीला मैदान शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मामले में कथित तौर पर शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने और भाजपा सरकार पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने सात सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच का ऐलान किया है। कांग्रेस का दावा है कि कूच में प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री आवास कूच की तैयारियों को लेकर डीलरोड स्थित आंबेडकर भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि हल्द्वानी रामलीला मैदान प्रकरण को 26 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक दोषियों के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और उसके नेताओं के संरक्षण के कारण मामले में कार्रवाई नहीं हो रही है।

धस्माना ने कहा कि कांग्रेस सात सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच के माध्यम से सरकार को अपनी ताकत का अहसास कराएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता देहरादून पहुंचेंगे और दलित, पिछड़े तथा गरीब वर्ग के खिलाफ कथित अन्याय के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण की घटना में शामिल लोगों पर कार्रवाई करने के बजाय भाजपा सरकार और नेताओं के दबाव में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। धस्माना ने कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई को राजनीतिक द्वेष से जोड़कर देखती है और इसके खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष मदन लाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अनुसूचित जाति के लोगों के साथ अन्याय और अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे देश के वरिष्ठतम नेताओं में शामिल हैं। हल्द्वानी में जिस मैदान में उन्होंने रैली को संबोधित किया, उसके कथित शुद्धिकरण की घटना को उन्होंने दलित समाज के साथ-साथ पिछड़े और गरीब वर्ग का भी अपमान बताया।

मदन लाल ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को केवल राजनीतिक मामला नहीं मानती, बल्कि इसे सामाजिक सम्मान से जुड़ा विषय मानती है। उन्होंने सरकार से मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

बैठक का संचालन धर्मपाल घाघट ने किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सात सितंबर को बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री आवास कूच में शामिल होने का आह्वान किया। बैठक में अशोक कुमार, मनोहर सिंह, करण घाघट और आशीष तिवारी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About AdminIndia

Check Also

उत्तराखंड में पहली बार सफेद बाघ: देहरादून चिड़ियाघर में पर्यटकों को मिलेगा दुर्लभ दीदार

देहरादून। उत्तराखंड के वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य में पहली …

error: Content is protected !!