Monday , 17 August 2026
Breaking News

भारतीय सेना के 31वें प्रमुख बने जनरल धीरज सेठ, पिता को सैल्यूट कर निभाई परंपरा

नई दिल्ली। भारतीय सेना के 31वें प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालने के बाद जनरल धीरज कुमार सेठ का एक भावुक क्षण पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। दक्षिण ब्लॉक में गार्ड ऑफ ऑनर प्राप्त करने के बाद उन्होंने अपने पिता, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल के.एम. सेठ को सैन्य परंपरा के अनुसार सैल्यूट किया और फिर उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके छोटे भाई रियर एडमिरल रवनीश सेठ भी मौजूद रहे और उन्होंने भी नए सेना प्रमुख को सैल्यूट किया।

जनरल धीरज सेठ ने कहा कि भारतीय सेना के 31वें प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभालना उनके लिए गर्व और विनम्रता का विषय है। उन्होंने कहा कि वे “कर्तव्य, सम्मान और राष्ट्र सर्वोपरि” के मूल्यों के प्रति पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।

राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), खड़कवासला के पूर्व छात्र जनरल धीरज सेठ दिसंबर 1986 में भारतीय सेना में शामिल हुए थे। सेना प्रमुख बनने से पहले वे उप सेना प्रमुख के पद पर कार्यरत थे। करीब चार दशक लंबे सैन्य करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण परिचालन, रणनीतिक और नेतृत्वकारी जिम्मेदारियां निभाई हैं।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, जनरल सेठ ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों का नेतृत्व किया है। इसके अलावा लेफ्टिनेंट जनरल के रूप में उन्होंने भारतीय सेना के प्रमुख स्ट्राइक फॉर्मेशन ‘सुदर्शन चक्र कोर’ की कमान भी संभाली। सैन्य आधुनिकीकरण, क्षमता विकास और संस्थागत सुधारों में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

गार्ड ऑफ ऑनर के बाद पिता को सैल्यूट कर उनके चरण स्पर्श करने का जनरल धीरज सेठ का यह भावुक क्षण सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे भारतीय संस्कृति, सैन्य अनुशासन और पारिवारिक मूल्यों का प्रेरणादायक उदाहरण बता रहे हैं।

About AdminIndia

Check Also

नीति घाटी में लापता BRO हवलदार पंकज की तलाश तेज, सीएम धामी ने परिजनों से की बात

चमोली: नीति घाटी में भारी बारिश के बाद उफान पर आए तमक नाले में लापता …

error: Content is protected !!