Monday , 7 September 2026
Breaking News

हरिद्वार के कलियर में कॉस्मेटिक की आड़ में चल रहा था नशे का कारोबार, STF की बड़ी कार्रवाई, जनरल स्टोर संचालक गिरफ्तार

हरिद्वार: उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और ड्रग विभाग ने हरिद्वार के कलियर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कॉस्मेटिक की आड़ में प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त टीम ने अहतशाम कॉस्मेटिक जनरल स्टोर के संचालक अहतशाम उल हक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन सिरप और ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं।

एसटीएफ के अनुसार छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से करीब 3.9 किलोग्राम प्रतिबंधित कोडीन सिरप और बड़ी संख्या में ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कॉस्मेटिक की दुकान की आड़ में लंबे समय से नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई कर रहा था।

18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल मामले से भी जुड़ा कनेक्शन

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का संबंध पहले पकड़े गए 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल बरामदगी मामले से भी जुड़ा हुआ है। एसटीएफ अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी।

बाजार कीमत से कई गुना महंगे दामों पर बेचता था नशीली दवाएं

एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक आरोपी प्रतिबंधित दवाओं को बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर बेचकर अवैध मुनाफा कमा रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि वह पहले भी एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है।

कई संदिग्ध ठिकानों पर STF की दबिश

कार्रवाई के बाद एसटीएफ और ड्रग विभाग की टीम ने कलियर क्षेत्र के कई संदिग्ध ठिकानों पर भी छापेमारी की है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही इस मामले में कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

उत्तराखंड में नशे के कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एसटीएफ की यह कार्रवाई बड़ी सफलता मानी जा रही है। जांच एजेंसियां अब इस अवैध नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चैन का पता लगाने में जुटी हैं।

About AdminIndia

Check Also

मसूरी में भूस्खलन से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त, मार्ग बंद

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में अंबेडकर चौक से कैमल बैक रोड जाने वाले मार्ग पर …

error: Content is protected !!