Monday , 27 April 2026
Breaking News

उत्तरकाशी में भीषण अग्निकांड: जुणगा गांव में आवासीय मकान जलकर खाक, दो लोग घायल

उत्तरकाशी: डुंडा तहसील के जुणगा गांव के डांगड़ा तोक में रविवार देर रात एक बड़े आवासीय भवन में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरा मकान उसकी चपेट में आ गया और पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।

इस हादसे में दो लोग झुलसकर घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल उत्तरकाशी में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही ब्रह्मखाल चौकी पुलिस, फायर सर्विस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।

ग्राम प्रधान अनिल भंडारी के अनुसार, इस अग्निकांड में मकान के अंदर रखा खाद्यान्न, घरेलू सामान और अन्य आवश्यक वस्तुएं पूरी तरह जलकर राख हो गईं। प्रभावित मकान अनिल सिंह भंडारी और महेश सिंह भंडारी का बताया जा रहा है, जो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना में सुमेर सिंह भंडारी और प्रमिला देवी झुलस गए, जिन्हें 108 एंबुलेंस सेवा के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत का इलाज जारी है।

आपदा प्रबंधन अधिकारी शरदुल गुसाईं ने बताया कि देर रात आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन, SDRF और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना की गई थीं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित परिवार को राहत देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिले में बढ़ रही आग की घटनाएं

जनपद में हाल के दिनों में आग की घटनाओं में वृद्धि देखी जा रही है। इससे पहले मोरी ब्लॉक के कई गांवों में आग लगने से मकान और गोशालाएं जलकर राख हो चुकी हैं। फिताड़ी गांव और आराकोट बंगाण क्षेत्र के डामटी थुनारा गांव में भी ऐसे ही हादसों में आवासीय भवन पूरी तरह नष्ट हो गए थे। मोरी ब्लॉक के सट्टा गांव में हुए एक अन्य अग्निकांड में दो मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे और एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

About AdminIndia

Check Also

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलेगा, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून …

error: Content is protected !!