Tuesday , 1 September 2026
Breaking News

पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश ढेर, एसओजी के दो सिपाही गोली लगने से घायल

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो वांछित बदमाश मारे गए, जबकि इटावा एसओजी के दो सिपाही गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि दो वांछित बदमाश गाजियाबाद से झारखंड जाने के लिए संबलपुर एक्सप्रेस में सवार हैं। सूचना के आधार पर इटावा एसओजी टीम ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों बदमाश ट्रेन से उतरकर नीम खेरिया गांव की ओर भाग निकले।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाश मौके पर ढेर हो गए। हालांकि मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली लगने से एसओजी के आरक्षी डेविड चौहान के पेट और आरक्षी पुष्पेंद्र के कंधे में गोली लगी। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव और फिरोजाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मारे गए बदमाशों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनकी पहचान की पुष्टि की जा रही है। मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

About AdminIndia

Check Also

उत्तराखंड: प्रेमनगर में बरसाती बहाव का कहर, क्रेटा कार बही, दो की मौत, एक युवती घायल

देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में सोमवार देर रात तेज बरसाती बहाव की चपेट में आने से …

error: Content is protected !!